राष्ट्रीय

भारतीय रेल: बदल गया है लगेज बुक करने का सिस्टम

वाणिज्यिक संवाददातानवयुग — 31 जुलाई 2026 · 4 मिनट पढ़ें
छपे अंक में पृष्ठ 7 · वर्ष 60 अंक 4

नई दिल्ली। आप ट्रेन में लंबी दूरी की यात्रा करते हैं। आप सफर में कुछ ज्यादा ही सामान ले जाते हैं। तो आपके लिए यह काम की खबर है। ट्रेन में जो कन्फर्म टिकट (Confirm Ticket) पर ट्रेवल करते हैं, वैसे यात्री अब अपना अतिरिक्त लगेज ऑनलाइन बुक करा सकते हैं। इसके लिए रेलवे की पीएसयू आईआरसीटीसी के प्लेटफॉर्म पर विशेष सुविधा शुरू कर दी गई है। यह सुविधा 31 जुलाई से ही शुरू हुई है।

पार्सल ऑफिस नहीं जाना होगा

अभी तक जो व्यवस्था थी, उसमें यात्रियों को अतिरिक्त लगेज होने पर रेलवे स्टेशन पर स्थित पार्सल ऑफिस में जाना होता था। वहां फ्री लिमिट के ऊपर के लगेज को बुक कराना होता था। लेकिन आज से जो व्यवस्था शुरू हुई है, उसमें आईआरसीटीसी के प्लेटफॉर्म पर ही अतिरिक्त लगेज की बुकिंग हो सकती है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान, यात्री अपने फ्री बैगेज अलाउंस से अधिक सामान का विवरण दे सकते हैं।

सेवा किनके लिए?

यह नई सेवा केवल उन्हीं यात्रियों के लिए उपलब्ध है जिनके पास कन्फर्म रिजर्व टिकट है। आप यदि ऑनलाइन लगेज बुक कराते हैं तो आपको बताना होगा कि यह आपका व्यक्तिगत सामान है। उसे आप लगेज वैन में नहीं बल्कि अपने रिजर्व डिब्बे में ही ले जाएंगे। यह सुविधा भारतीय रेलवे द्वारा निर्धारित वजन सीमा के भीतर ही काम करेगी। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को 31 जुलाई से इस सुविधा को लागू करने का निर्देश दिया है।

कितना सामान ले जा सकते हैं?

भारतीय रेल की ट्रेन में फ्री में सामान ले जाने की सीमा यात्री की यात्रा श्रेणी के अनुसार अलग-अलग है। एसी फर्स्ट क्लास के यात्री बिना किसी शुल्क के 70 किलो तक सामान ले जा सकते हैं। इससे अधिक सामान होने पर लागू शुल्क का भुगतान कर अधिकतम 150 किलो तक सामान ले जा सकते हैं। फर्स्ट क्लास और एसी 2-टियर में यात्रा करने वाले यात्री 50 किलो तक बिना शुल्क के सामान ले सकते हैं। इस श्रेणी में शुल्क चुकाकर सामान ले जाने की अधिकतम सीमा 100 किलो है। स्लीपर क्लास के यात्री अपने साथ अधिकतम 40 किलो सामान निःशुल्क ले जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त शुल्क देकर वे 80 किलो तक सामान ले जा सकते हैं। सेकंड क्लास के यात्री 35 किलो तक मुफ्त और शुल्क चुकाकर अधिकतम 70 किलो तक सामान ले जा सकते हैं। एसी 3-टियर, एसी 3 इकॉनॉमी और एसी चेयर कार में सामान ले जाने की अधिकतम सीमा 40 किलो है। इसमें अतिरिक्त शुल्क चुकाकर भी इससे ज्यादा सामान नहीं ले जा सकते हैं।

ऑनलाइन कैसे बुक करें?

इसके लिए आप भारतीय रेल के पार्सल पोर्टल पर जाएं और प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर करें। लॉग इन करें, प्रस्थान और गंतव्य रेलवे स्टेशन एंटर करें। सिस्टम द्वारा सुझाए गए विकल्पों में से ट्रेन चुनें। सामान का विवरण भरकर फॉरवर्डिंग नोट भरें। सिस्टम द्वारा दिखाई गई अनुमानित भाड़े की राशि की जांच करें। ऑनलाइन फॉरवर्डिंग नोट सबमिट करें। ई-फॉरवर्डिंग नोट का प्रिंटआउट लें और प्रस्थान स्टेशन के पार्सल ऑफिस या गोदाम में सामान सौंप दें। रेलवे कर्मचारी सामान का वजन करेंगे और अंतिम भाड़े की राशि की गणना करेंगे। आवश्यक शुल्क का भुगतान करें और रेलवे रसीद प्राप्त करें।

लगेज ऑनलाइन ट्रैक करें

लगेज की स्थिति ऑनलाइन चेक करने के लिए ट्रैक एंड ट्रेस सुविधा का उपयोग करें। यात्रियों को एसएमएस सूचनाएं मिलेंगी जब उनके लगेज गंतव्य स्टेशन पर पहुंचेगा। लगेज लेने के लिए गंतव्य स्टेशन पर मूल रेलवे रसीद दिखाएं।

बैग का साइज

भारतीय रेल द्वारा ट्रेन में ले जाए जाने वाले बैग के आकार की सीमाएं निर्धारित की गई हैं। एसी 3-टियर, एसी 3 इकॉनॉमी और एसी चेयर कार में यात्रा करने वाले यात्री 55 सेमी × 45 सेमी × 22.5 सेमी तक के बैग ले जा सकते हैं। एसी फर्स्ट क्लास, एसी 2-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल क्लास के लिए अधिकतम अनुमति प्राप्त बैग का आकार 100 सेमी × 60 सेमी × 25 सेमी है।

सामान के शुल्क और गणना

ट्रेन में यात्रा के दौरान निःशुल्क वजन से अधिक सामान ले जाने वाले यात्री को सामान्य लगेज दर का 1.5 गुना शुल्क देना होगा। अधिकतम लगेज के लिए न्यूनतम शुल्क 30 रुपये है। शुल्क की गणना 10 किग्रा के स्लैब में की जाएगी, और गणना के लिए न्यूनतम दूरी 50 किलोमीटर मानी जाएगी।

स्रोत: नवयुग का 31 जुलाई 2026 अंक, पृष्ठ 7। यह मूल मुद्रित लेख का डिजिटल पाठ है। मूल ई-पेपर पढ़ें

वाणिज्यिक संवाददाता